Tuesday, May 28, 2024

चीनी वैज्ञानिकों ने किया कमाल, डायबिटीज मरीज का सच में कर दिया शर्तिया इलाज, अब दवा की जरूरत नहीं

 


Chinese Scientist Cure Diabetes Patient: पूरी दुनिया के लिए यह खबर मील का पत्थर साबित हो सकती है क्योंकि चीनी वैज्ञानिकों ने बेहद खतरनाक डायबिटीज से पीड़ित 59 साल के एक शख्स को बीमारी से मुक्त करने का दावा किया है. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक शंघाई चांगझेंग अस्पताल में सेल थेरेपी के माध्यम से डॉक्टरों ने 3 महीनों के अंदर इस शख्स का इलाज किया है जो पूरी तरह सफल रहा है. गौरतलब है कि पूरी दुनिया में करीब 50 करोड़ लोग डायबिटीज से पीड़ित हैं, इनमें अकेले चीन के 14 करोड़ लोग शामिल हैं. डायबिटीज हो जाने पर जीवन भर दवा खानी पड़ती है और जीवन भर डायबिटीज के कारण अन्य बीमारियों का जोखिम बना रहता है. ऐसे में अगर यह थेरेपी अन्य मरीजों पर कारगर साबित हो जाती है तो पूरी दुनिया के लिए यह बहुत खुशखबरी की बात है.

मरीज का किडनी ट्रांसप्लांट भी काम नहीं कर रहा था
दरअसल, 59 साल का एक शख्स पिछले 25 साल से डायबिटीज से बुरी तरह पीड़ित था. बीमारी इतनी ज्यादा गंभीर थी कि उसे हर दिन कई-कई इंजेक्शन इंसुलिन के लेने पड़ते थे. 2017 में उसका किडनी ट्रांसप्लांट भी हुआ था. इसके बावजूद उसका पैंक्रियाज सही से काम नहीं कर रहा था. अंत में शंधाई चांगझेंग अस्पताल में 2021 में उसे लाया गया और चीनी वैज्ञानिकों द्वारा विकसित सेल थेरेपी के माध्यम से इलाज किया गया. 3 महीने के अंदर शुगर पूरी तरह कंट्रोल में आ गई और इंसुलिन की जरूरत पूरी तरह से खत्म हो गई. जुलाई 2021 में मरीज को पूरी तरह से दवाई से मुक्त कर दिया गया. वैज्ञानिकों ने दावा किया है कि अब मरीज को 33 महीनों तक दवा की बिल्कुल भी जरूर नहीं होगी. यहां तक कि इलाज के 11 सप्ताह बाद उसमें इंसुलिन की जरूरत भी नहीं रही. एक साल के बाद उसे डायबिटीज की दवा भी बंद कर दी गई और अब वह बिल्कुल स्वस्थ है. चांगझेंग अस्पताल की प्रमुख शोधकर्ता यिन हाओ ने बताया कि अब मरीज का पैनक्रियाज पूरी तरह से फंक्शन में आ गया है.

क्या है सेल थेरेपी
इस नई थेरेपी में सबसे पहले मरीज का अपना पेरिफेरल ब्लड मोनोन्यूक्लियर सेल को प्रोग्राम किया गया. फिर इसे ट्रांसफॉर्म कर उसे सीड सेल्स में बदल दिया गया. इसके बाद कृत्रिम वातावरण में पैंक्रियाज के आइलेट टिशू को दोबारा से पैंक्रियाज में स्थापित किया गया. यह एक तरह से स्टेम सेल थेरेपी का एडवांस रूप है. यिन ने बताया कि यह नई तकनीक है जिससे रिजेनरेटिव मेडिसीन के क्षेत्र में नया द्वार खुलेगा. अब इस तकनीक का बड़े पैमाने पर अन्य मरीजों में परीक्षण किया जाएगा. अगर यह सफल हो जाता है तो डायबिटीज मरीजों के लिए मील का पत्थर साबित हो सकता है.

Saturday, May 18, 2024

जूता कारोबारियों पर आयकर छापा: बरामद हुई इतनी रकम, मशीनों से नोट गिनते-गिनते थके अधिकारी, अब तक 40 करोड़ मिले




आगरा में आयकर विभाग ने शहर के तीन बड़े जूता कारोबारियों के यहां तलाशी ली। इसमें अब तक 40 करोड़ रुपये नकद बरामद किए जाने की जानकारी मिली है। आयकर विभाग ने शनिवार को एमजी रोड के बीके शूज, धाकरान के मंशु फुटवियर और हींग की मंडी के हरमिलाप ट्रेडर्स पर एकसाथ कार्रवाई की है। गिनती के लिए बैंकों से नोट गिनने की मशीनें मंगवाई गई हैं। रात तक नोटों की गिनती जारी रही।

आयकर चोरी की सूचना पर आयकर विभाग की इन्वेस्टिगेशन विंग ने आगरा, लखनऊ, कानपुर के कर्मचारियों के साथ इन कारोबारियों के छह ठिकानों पर कार्रवाई की। इनमें बीके शूज के एमजी रोड स्थित प्रतिष्ठान और सूर्य नगर स्थित घर की तलाशी ली गई। जूते की ट्रेडिंग कर रही मंशु फुटवियर और बीके शूज के मालिक रिश्तेदार हैं और बीते कुछ सालों में ही बाजार में बड़ा नाम बन गए हैं। हरमिलाप ट्रेडर्स का शू मैटेरियल का काम है।

निवेश और सोना खरीद की जानकारी मिली
इन्वेस्टिगेशन विंग की 12 से ज्यादा टीमों ने कार्रवाई की। कारोबारियों के पास से भारी मात्रा में जमीन में निवेश, सोने की खरीद की जानकारी भी मिली है। इनर रिंग रोड के पास कारोबारियों ने बड़ा निवेश किया है। लैपटॉप, कंप्यूटर और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं और उनसे डाटा लिया गया है। रसीदें और बिल के साथ स्टॉक रजिस्टर की जांच में कई हैरान कर देने वाली जानकारियां मिली हैं। एक प्रतिष्ठान के संचालक ने अपने आईफोन का लॉक नहीं खोला। उसमें लेनदेन के कई राज छिपे हैं।

Friday, May 17, 2024

Swati Maliwal Case: CM आवास पर 13 मई को क्या हुआ था?: पूरी कहानी स्वाति की जुबानी; बोलीं- मुझे मारपीट कर ऑटो में बैठा दिया गया

 


मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव बिभव कुमार ने स्वाति मालीवाल के साथ बेरहमी की सारी हदें पार की हैं। देश में पहली बार है कि किसी मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर मौजूदा महिला सांसद के साथ इस तरह की घटना हुई हो। स्वाति द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में कई हैरान करने वाली बातें लिखी हैं। उससे पता चलता है कि किसी के निर्देश पर सांसद के साथ मारपीट की गई है।

एफआईआर में स्वाति ने कहा है कि वह 13 मई की सुबह नौ बजे अपनी निजी कार से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास छह, फ्लैग स्टाफ रोड, सिविल लाइंस पर पहुंचीं। कैंप कार्यालय के अंदर जाकर सीएम के निजी सचिव बिभव कुमार को फोन किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। फिर उनके वाट्सएप पर संदेश भेजा, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। इसके बाद वह सीएम आवास के मुख्य प्रवेश द्वार से आवासीय क्षेत्र के अंदर चलीं गईं। बिभव के वहां न होने पर उन्होंने आवास क्षेत्र में प्रवेश कर लिया और वहां मौजूद कर्मचारियों से मुख्यमंत्री से मिलने आने की बात कही। इस पर उन्हें ड्राइंग रूम में इंतजार करने के लिए कहा गया। वह ड्राइंग रूम में सोफे पर बैठ गई। कुछ देर में एक स्टाफ ने कहा कि सीएम मिलने आ रहे हैं, लेकिन, सीएम नहीं आए और बिभव कुमार कमरे में आ गए। वह बिना किसी उकसावे के उन पर चिल्लाने लगे और गंदी-गंदी गालियां देने लगे। इससे वह स्तब्ध रह गई। प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वह इस तरह की बात न करें।

बिना किसी उकसावे के शुरू किया मारना...
बिभव से स्वाति ने कहा कि सीएम से फोन पर बात करवा दें। इतना कहने पर आरोपी ने थप्पड़ मारना शुरू कर दिया। वह चिल्लाती रहीं और खुद को बचाने की कोशिश करती रहीं, लेकिन आरोपी नहीं रुका। खुद को बचाने के लिए उन्होंने बिभव को पैर मारकर दूर धकेल दिया। तब बिभव ने झपट्टा मारकर बेरहमी से उन्हें घसीटा और शर्ट ऊपर खींच दी, जिससे शर्ट के बटन खुल गए। इसके बाद उनका सिर सेंटर टेबल से टकरा गया और वह फर्श पर गिर पड़ीं। इसके बाद भी आरोपी नहीं माना और छाती, पेट और पेट के नीचे के हिस्से पर लगातार लात मारता रहा।

लगाती रही गुहार, नहीं आया रहम...
स्वाति ने एफआईआर में कहा है कि वह उस समय मासिक धर्म में थीं। उन्होंने आरोपी से कहा कि मुझे जाने दो, लेकिन उसे रहम नहीं आया। उसने पूरी ताकत से हमला जारी रखा। उन्होंने किसी तरह उससे मुक्त होकर ड्राइंग रूम के सोफे पर बैठ गईं। इस अकारण हमले से वह भयानक सदमे की स्थिति में थी। इसके बाद 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी। आरोपी बिभव ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि कर ले जो तुझे करना है तू हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती। तेरी हड्डी पसली तुड़वा देंगे और ऐसी जगह गाड़ेंगे कि किसी को पता भी नहीं चलेगा। जब उसे पता चला कि 112 नंबर पर कॉल हुआ है, तब वह कमरे से बाहर चला गया, फिर मुख्य द्वार पर काम करने वाले सुरक्षा कर्मियों के साथ वापस आ गया। इसके बाद उसने उन्हें परिसर से बाहर जाने के लिए कहा। असहनीय दर्द के कारण वह रो रहीं थीं। पीसीआर कॉल के बाद सीएम आवास से कुछ पुलिसकर्मियों ने एक ऑटो बुला कर उसमें बैठा दिया। किसी तरह उन्होंने हिम्मत जुटाई और ऑटो चालक को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए सिविल लाइंस थाने चलने को कहा।

दर्द, आघात और उत्पीड़न ने दिमाग को कर दिया सुन्न...
एफआईआर में स्वाति ने लिखा है कि वह अत्यधिक आघात, दर्द और घटना का राजनीतिकरण नहीं होने देने के चलते लिखित शिकायत दर्ज किए बिना थाने से चली गई। दर्द, आघात और उत्पीड़न ने उनके दिमाग को सुन्न कर दिया। उन्होंने लिखा है कि उनकी स्थिति इस तथ्य से और भी बदतर हो गई है कि उन्होंने अपना सारा जीवन महिलाओं के मुद्दों के लिए काम किया और लाखों महिलाओं को न्याय दिलाने में मदद की। लेकिन उन्हें एक ऐसे व्यक्ति द्वारा बेरहमी से पीटा गया जिसे वह लंबे समय से जानती हैं। अंत में उन्होंने पुलिस से अपील करते हुए लिखा है कि अनुरोध है कि कृपया इस मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें।

इन धाराओं में दर्ज हुआ है केस...
-आईपीसी की धारा 308 के मुताबिक जो कोई भी ऐसे इरादे या सोच के साथ कोई काम करता है और ऐसी परिस्थितियों में करता है कि उससे किसी की मृत्यु हो सकती है, तो उस पर धारा-308 (गैर इरादतन हत्या) का मुकदमा बनेगा। धारा 308 के आरोपी को सात साल की सजा या सजा के साथ आर्थिक दंड का भी भुगतान करना पड़ सकता है।

-आईपीसी 341 की धारा के अनुसार अगर कोई व्यक्ति किसी को गलत तरीके से रोकता है, तो उसे एक महीने तक की जेल या 500 रुपये तक का जुर्माना या दोनों हो सकता है। यह एक जमानती और संज्ञेय अपराध है।

-आईपीसी 354बी इस धारा के आरोपी के खिलाफ महिला को निर्वस्त्र करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल का उपयोग करने का मामला बनता है। इस धारा के उल्लंघन के आरोपी को तीन से सात साल तक की सजा का प्रावधान है।

-आईपीसी 506 कोई भी व्यक्ति किसी भी कारणवस किसी अन्य व्यक्ति को धमकाता है या उसके जीवन, संपत्ति या परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देता है उसके खिलाफ धारा 506 लागू होता है। इस धारा के तहत आरोपी को अधिकतम दो साल जेल की सजा या जेल की सजा के साथ आर्थिक दंड का भी पात्र माना जाएगा।

-आईपीएस 509 कोई भी व्यक्ति किसी महिला के लिए अभद्र शब्दों का प्रयोग करता है। किसी महिला के खिलाफ गंदे इशारे करता है या किसी भी आपराधिक इरादे से छूकर स्त्री की लज्जा को भंग करने की कोशिश करता है तो आईपीसी की धारा 509 के तहत पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाती है। इस धारा के तहत आरोपी को अधिकतम तीन साल की सजा या सजा के साथ जुर्माना भी जा सकता है।

Sunday, May 12, 2024

पाकिस्तान के कब्जे से छूट रहा PoK? बगावत पर उतरे लोग, भारत में मिलाने के लगाए पोस्टर



 पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में लोगों ने पाकिस्तान पुलिस और प्रशासन की क्रूरता के खिलाफ विद्रोह कर दिया है. पुलिस यहां प्रदर्शनकारियों की आवाज दबाने के लिए उनपर लाठीचार्ज के साथ फायरिंग तक कर रही है. पुलिस प्रशासन के इस हिंसक दमनचक्र में एक आम नागरिक की मौत हो गई. वहीं गुस्साई भीड़ एक पुलिस अधिकारी की पीट-पीटकर हत्‍या कर दी.

मुजफ्फराबाद और रावलकोट में स्थानीय लोगों की पुलिस अधिकारियों के साथ झड़प की कई घटनाएं सामने आई हैं. PoK के ताजा घटनाक्रम से परिचित अधिकारियों ने सीएनएन-न्यूज18 को बताया कि हालिया विरोध प्रदर्शन और उनके हिंसक दमन से संकेत मिलता है कि पाकिस्तान उस इलाके पर अपनी पकड़ खोता जा रहा है, जिस पर उसने दशकों से अवैध तरीकों से कब्जा कर रखा है. उन्होंने यह भी बताया कि यहां रावलकोट में कई ऐसे पोस्टर भी चिपके दिखे, जिसमें भारत में विलय की मांग की गई है.

PoK में इन प्रदर्शनकारियों पर काबू पाने के लिए पुलिस द्वारा आंसू गैस के गोले छोड़ने के बाद लोगों का गुस्सा और भड़क गया और इस विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया. ऊपर बताए गए अधिकारी ने News18 को बताया, ‘पाकिस्तान पीओके पर अपनी पकड़ खो रहा है और वह भारत का हिस्सा बनने के करीब पहुंच गया है. (वहां) पीओके में बड़े विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और एक सैन्य खुफिया वाहन को भी (प्रदर्शनकारियों द्वारा) नष्ट कर दिया गया.’

Friday, May 3, 2024

CBSE BOARD RESULT: आ गया अपडेट! इस दिन जारी होगा सीबीएसई बोर्ड 10वीं, 12वीं का रिजल्ट

 


CBSE 10th, 12th Result Date Time Live Updates: सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के लगभग 39 लाख छात्र वर्तमान में अपने परिणामों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं के लिए परिणाम जल्द ही जारी किए जाएंगे। बोर्ड के रिजल्ट पोर्टल पर लिखा है कि सीबीएसई बोर्ड 10वीं और 12वीं के नतीजे 20 मई के बाद जारी किए जा सकते हैं। रिजल्ट घोषित होने पर उम्मीदावार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना परिणाम देख सकेंगे। 


सीबीएसई कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से 02 अप्रैल, 2024 तक आयोजित की गईं और कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से 13 मार्च, 2024 तक आयोजित की गईं।

Visitor counter