मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव बिभव कुमार ने स्वाति मालीवाल के साथ बेरहमी की सारी हदें पार की हैं। देश में पहली बार है कि किसी मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर मौजूदा महिला सांसद के साथ इस तरह की घटना हुई हो। स्वाति द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में कई हैरान करने वाली बातें लिखी हैं। उससे पता चलता है कि किसी के निर्देश पर सांसद के साथ मारपीट की गई है।
एफआईआर में स्वाति ने कहा है कि वह 13 मई की सुबह नौ बजे अपनी निजी कार से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास छह, फ्लैग स्टाफ रोड, सिविल लाइंस पर पहुंचीं। कैंप कार्यालय के अंदर जाकर सीएम के निजी सचिव बिभव कुमार को फोन किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। फिर उनके वाट्सएप पर संदेश भेजा, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। इसके बाद वह सीएम आवास के मुख्य प्रवेश द्वार से आवासीय क्षेत्र के अंदर चलीं गईं। बिभव के वहां न होने पर उन्होंने आवास क्षेत्र में प्रवेश कर लिया और वहां मौजूद कर्मचारियों से मुख्यमंत्री से मिलने आने की बात कही। इस पर उन्हें ड्राइंग रूम में इंतजार करने के लिए कहा गया। वह ड्राइंग रूम में सोफे पर बैठ गई। कुछ देर में एक स्टाफ ने कहा कि सीएम मिलने आ रहे हैं, लेकिन, सीएम नहीं आए और बिभव कुमार कमरे में आ गए। वह बिना किसी उकसावे के उन पर चिल्लाने लगे और गंदी-गंदी गालियां देने लगे। इससे वह स्तब्ध रह गई। प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वह इस तरह की बात न करें।