Sunday, May 12, 2024

पाकिस्तान के कब्जे से छूट रहा PoK? बगावत पर उतरे लोग, भारत में मिलाने के लगाए पोस्टर



 पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में लोगों ने पाकिस्तान पुलिस और प्रशासन की क्रूरता के खिलाफ विद्रोह कर दिया है. पुलिस यहां प्रदर्शनकारियों की आवाज दबाने के लिए उनपर लाठीचार्ज के साथ फायरिंग तक कर रही है. पुलिस प्रशासन के इस हिंसक दमनचक्र में एक आम नागरिक की मौत हो गई. वहीं गुस्साई भीड़ एक पुलिस अधिकारी की पीट-पीटकर हत्‍या कर दी.

मुजफ्फराबाद और रावलकोट में स्थानीय लोगों की पुलिस अधिकारियों के साथ झड़प की कई घटनाएं सामने आई हैं. PoK के ताजा घटनाक्रम से परिचित अधिकारियों ने सीएनएन-न्यूज18 को बताया कि हालिया विरोध प्रदर्शन और उनके हिंसक दमन से संकेत मिलता है कि पाकिस्तान उस इलाके पर अपनी पकड़ खोता जा रहा है, जिस पर उसने दशकों से अवैध तरीकों से कब्जा कर रखा है. उन्होंने यह भी बताया कि यहां रावलकोट में कई ऐसे पोस्टर भी चिपके दिखे, जिसमें भारत में विलय की मांग की गई है.

PoK में इन प्रदर्शनकारियों पर काबू पाने के लिए पुलिस द्वारा आंसू गैस के गोले छोड़ने के बाद लोगों का गुस्सा और भड़क गया और इस विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया. ऊपर बताए गए अधिकारी ने News18 को बताया, ‘पाकिस्तान पीओके पर अपनी पकड़ खो रहा है और वह भारत का हिस्सा बनने के करीब पहुंच गया है. (वहां) पीओके में बड़े विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और एक सैन्य खुफिया वाहन को भी (प्रदर्शनकारियों द्वारा) नष्ट कर दिया गया.’

Visitor counter