आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हुए हमले के बाद से राजधानी में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। आप ने इसे भाजपा की साजिश करार देते हुए कहा कि ग्रेटर कैलाश में आज जो हमला उनके ऊपर हुआ है वो भाजपा का कार्यकर्ता है। जिसका नाम अशोक कुमार झा है। आप ने प्रमाण के तौर पर उसका सदस्यता पत्र भी जारी किया है।
भाजपा हारने लगी तो जान से मारेंगे?
मुख्यमंत्री आतिशी ने ट्वीट कर लिखा, लिखा भाजपा हारने लगी तो जान से मारेंगे? साथ ही अशोक कुमार झा की फोटो शेयर की है। इसके अलावा उन्होंने लिखा, आज दिन दहाड़े भाजपा के कार्यकर्ता ने अरविंद केजरीवाल पर हमला किया। दिल्ली का चुनाव तीसरी बार हारने की बौखलाहट भाजपा में दिख रही है। भाजपा वालों दिल्ली के लोग ऐसी घटिया हरकतों का बदला लेंगे। पिछली बार 8 सीटें आयीं थीं, इस बार दिल्ली वाले भाजपा को जीरो सीट देंगे।
VIDEO
सौरभ भारद्वाज का खुलासा
दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि यह अशोक कुमार भाजपा का आदमी है। हमने उनके सोशल मीडिया प्रोफाइल को एक्सेस किया है। वे पीएम नरेंद्र मोदी, योगी आदित्यनाथ, संगीत सोम और बांसुरी स्वराज समेत अन्य लोगों को फॉलो करते है। हमें उनके प्रोफाइल पर उनका बीजेपी आईडी कार्ड भी मिला है। वे पार्टी के आधिकारिक सदस्य हैं।
