नई दिल्ली. लोकसभा चुनाव के बाद सरकार गठन को लेकर जारी सस्पेंस से अब पर्दा उठता दिख रहा है. बीजेपी ने आज शाम एनडीए के घटक दलों की बैठक बुलाई है. इस बैठक से पहले टीडीपी चीफ चंद्रबाबू ने ऐसा बयान दिया, जिससे नरेंद्र मोदी सरकार 3.0 पर मुहर लग गई.
टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू से बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब पूछा गया कि वह दिल्ली में किसे समर्थन देने जा रहे हैं, तो उन्होंने साफ किया कि वह एनडीए के साथ मजबूती से खड़े हैं. चंद्रबाबू नायडू ने कहा, ‘आप हमेशा खबर चाहते हैं. मैं अनुभवी हूं और मैंने इस देश में कई राजनीतिक बदलाव देखे हैं. हम एनडीए में हैं, और मैं एनडीए की बैठक में जा रहा हूं.’ और फिर इसके बाद वह विमान के लिए कूच कर गए.
उधर सीएम नीतीश कुमार भी एनडीए की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं. उन्होंने समर्थन को लेकर कोई बयान नहीं दिया, लेकिन उनकी पार्टी जेडीयू साफ कर चुकी है कि वह एनडीए के ही साथ रहेगी.
दरअसल लोकसभा चुनाव में एनडीए को 292 सीटों पर जीत मिली है. ऐसे में उसे सरकार बनाने के लिए बहुमत तो हासिल है, लेकिन इसमें बीजेपी के पास 240 सीटें ही आई हैं. इसलिए अगली सरकार के गठन में 16 सीटों वाली टीडीपी और 12 सांसदों वाली जेडीयू का रोल अहम हो जाता है.
उधर 234 सीटे जीतने वाला विपक्षी इंडिया गठबंधन भी अगली सरकार बनाने का दावा कर रहा और खबर है वह भी इन दोनों नेताओं को अपने पाले में लाने की कोशिश में जुटी है. इस बीच सियासत के मंझे खिलाड़ी के रूप में मशहूर शरद पवार भी दिल्ली पहुंच गए. माना जा रहा है कि इंडिया एलायंस के सबसे बुजुर्ग नेता पवार एनडीए में तोड़फोड़ की कोशिश करेंगे.
हालांकि अब चंद्रबाबू नायडू के इस बयान के बाद शरद पवार की कोशिशों पर विराम लग सकता है. इस बीच नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने की तारीख भी आ गई है. बीजेपी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि 8 जून को भी नई सरकार का शपथग्रहण हो सकता है. यह समारोह राष्ट्रपति भवन में हो सकता है. हालांकि इस पर अभी अंतिम मुहर नहीं लगी है.
