आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के रूप में आतिशी मार्लेना के नाम की घोषणा की है। अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद आतिशी अब उनकी जगह लेंगी। वहीं अरविंद केजरीवाल आज उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मिलकर अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। मनीष सिसोदिया समेत कई दिग्गज नेताओं ने आतिशी के नाम का प्रस्ताव रखा।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। (Delhi New Chief Minister Updates) आम आदमी पार्टी ने (आप) आज दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर दी है। अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद आतिशी अब उनकी जगह लेंगी। वहीं अरविंद केजरीवाल आज उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मिलकर अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं।
केजरीवाल मंगलवार शाम साढ़े 4 बजे दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात कर सकते हैं। केजरीवाल ने 15 सितंबर दिन रविवार को सीएम पद से इस्तीफे का एलान किया था।
कौन हैं आतिशी ?
आम आदमी पार्टी में आतिशी ने तेजी से अपनी पहचान बनाई है। आम आदमी पार्टी अपने आठ साल के कार्यकाल में जिन उपलब्धियों को सबसे ज्यादा बार गिनाती रही है उनमें शिक्षा का क्षेत्र सबसे ऊपर है और इसका बहुत बड़ा श्रेय आतिशी को जाता है। 2013 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने पार्टी का मेनिफेस्टो तैयार करने में अहम भूमिका निभाई थी। 2014 लोकसभा चुनाव से पहले उन्हें प्रवक्ता बनाया गया था।
फिर साल 2019 में उन्होंने पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा। लेकिन भाजपा के गौतम गंभीर के सामने 4.77 लाख वोटों से हार गई थीं, वो तीसरे नंबर पर रहीं थीं।
इसके बाद साल 2020 में उन्होंने कालकाजी विधानसभा से चुनाव जीता। साल 2023 में पहली बार दिल्ली की केजरीवाल सरकार में मंत्री का पदभार संभाला। अब साल 2024 में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने जा रही हैं।
आपको बता दें कि आतिशी शुरू से ही दिल्ली की शिक्षा क्रांति का महत्वपूर्ण चेहरा रही हैं। यह सभी जानते हैं कि शिक्षा मंत्री के तौर पर मनीष सिसोदिया ने जो काम किए उसमें आतिशी ने उन्हें काफी सहयोग किया। आतिशी ही मनीष सिसोदिया की सलाहकार रही हैं और हर रणनीति उन्होंने ही बनाई है। लेकिन अप्रैल 2018 में उन्हें इस पद से हटा दिया गया था।
आम आदमी पार्टी में की महिला नेता आतिशी एक होनहार स्टूडेंट, बेहतरीन टीचर होने के साथ ही शैक्षणिक योग्यता में भी अव्वल हैं। वह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से स्नातक हैं। वह शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन काम करने के लिए जानी जाती हैं। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में सुधार का सबसे बड़ा श्रेय आतिशी को दिया जाता है। वह आप की राजनीति मामलों की समिति की सदस्य भी हैं।
साल 2020 में आतिशी पहली बार कालकाजी विधानसभा सीट से विधायक चुनी गईं। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार धर्मवीर सिंह को 11 हजार 393 वोटों से मात दी थी। आतिशी का जन्म दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर विजय कुमार सिंह और त्रिप्ता वाही के घर 8 जून 1981 को हुआ। आतिशी ने नई दिल्ली के स्प्रिंगडेल स्कूल में अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की। आतिशी ने सेंट स्टीफंस कॉलेज में इतिहास की पढ़ाई की। इसके बाद ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में शेवनिंग छात्रवृत्ति पर मास्टर की डिग्री हासिल की। कुछ साल बाद उन्होंने ऑक्सफोर्ड से शैक्षिक अनुसंधान में रोड्स स्कॉलर के रूप में अपनी दूसरी मास्टर डिग्री हासिल की।
आतिशी ने मध्य प्रदेश के एक छोटे से गांव में सात साल बिताए थे, यहां वो जैविक खेती और प्रगतिशील शिक्षा प्रणालियों से जुड़ीं रहीं। उन्होंने वहां कई गैर-लाभकारी संगठनों के साथ भी काम किया था, यहां उनकी पहली बार आम आदमी पार्टी के कुछ सदस्यों से मुलाकात हुई थी, आतिशी आम आदमी पार्टी की स्थापना के समय से हैं।

