जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में मचैल माता यात्रा मार्ग पर बादल फटने से तबाही मच गई है। 38 लोगों के शव मिल गए हैं। कई मकानों को नुकसान हो गया है। लकड़ी का पुल और पीएमजीएसवाई पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। 75 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। बड़े पैमाने पर राहत और बचाव का काम जारी है।
बादल फटने से आई आपदा में दो पुल ध्वस्त हो गए। इनमें से एक पुल पीएमजीएसवाई के तहत हाल ही में तैयार हुआ था। यह पुल बह गया। इस पुल के बहने से मचैल व हमूरी गांव सहित अन्य कई गांवों का संपर्क कट गया है।
किश्तवाड़ जिले के चिशौती कस्बे में चार जगह बादल फटने से भारी तबाही हुई है। इस आपदा में 38 लोगों की जान चली गई, जबकि 75 से ज्यादा घायल हैं। मलबे में अब भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है। मौसम खराब होने से बचाव कार्य में बाधा आ रही है।
पीएम से लेकर सीएम तक ने जताया शोक
चिशौती कस्बा प्रसिद्ध मचैल माता तीर्थयात्रा मार्ग का पड़ाव स्थल है। 25 जुलाई से चल रही मचैल माता यात्रा भी रोक दी गई है। यात्री जहां पर हैं, वहीं पर उन्हें रुकने को कहा गया है। पीएम नरेंद्र मोदी, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस आपदा पर गहरा दुख जताया और पीड़ितों की हर संभव सहायता का भरोसा दिया।
सुबह 11.30 बजे फटा बादल
वीरवार सुबह करीब 11:30 बजे पहाड़ी पर बादल फटा। किश्तवाड़ से 83 किलोमीटर दूर उपमंडल पाडर में स्थित चिशौती के उस हिस्से में भारी तबाही आई जो नाले पर बसे थे। नाले वाला पूरा हिस्सा ही बह गया है।
पेड़, घर और यात्रियों को बहा ले गया पानी
पाडर के कई नालों में पानी का बहाव बहुत तेज हो गया है। भारी मात्रा में पानी बरस जाने से बाढ़ आ गई। पानी के साथ पत्थर व पेड़ बह कर आए जो घरों, दुकानों व यात्रियों को बहा ले गए। इनके लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
लगातार बढ़ रहा मरने वालों का आंकड़ा
शुरुआत में 12 लोगों की मौत की खबर आई, जो शाम तक बढ़कर 38 तक पहुंच गई। कई लोग अब भी लापता हैं। आपदा में मचैल माता तीर्थयात्रियों के लापता और घायल होने की खबर है। कई यात्री किश्तवाड़ व अन्य जगहों से वापस लौट रहे हैं। 75 से ज्यादा घायलों को अठोली पीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से 12 को किश्तवाड़ जिला अस्पताल और चार को राजकीय मेडिकल कॉलेज जम्मू रेफर कर दिया दिया गया। अन्य का पीएचसी में उपचार चल रहा है।
खराब मौसम की वजह से नहीं हो पा रहा हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल
संभागीय आयुक्त रमेश कुमार ने बताया कि स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ व एनडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। सेना और वायुसेना की टीमें भी सक्रिय हो गई हैं। खोज और बचाव अभियान जारी है। मौसम खराब होने से हेलिकॉप्टर का राहत और बचाव कार्य में इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है। किश्तवाड़ से अतिरिक्त मेडिकल टीम, एंबुलेंस आदि भी मौके पर भेज दी गई हैं।
पुल बहने से कट गया संपर्क
बादल फटने से आई आपदा में दो पुल ध्वस्त हो गए। इनमें से एक पुल पीएमजीएसवाई के तहत हाल ही में तैयार हुआ था। यह पुल बह गया। इस पुल के बहने से मचैल व हमूरी गांव सहित अन्य कई गांवों का संपर्क कट गया है। भोट नाला सहित चिनाब नदी उफान पर है।